![]()

Maharajganj kabhar live
निचलौल। राजेंद्र प्रसाद ताराचंद पी.जी. कॉलेज निचलौल के लिए आज सोमवार का दिन गौरव और उपलब्धि का प्रतीक बन गया है। जब महाविद्यालय की दो मेधावी छात्राएं विश्नावती विश्वकर्मा (परास्नातक–दृश्य कला) एवं श्वेता वर्मा (परास्नातक–भूगोल) को दीक्षांत समारोह में राज्यपाल की ओर से गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
दोनों छात्राओं ने सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु, सिद्धार्थनगर की परास्नातक परीक्षा में अपने-अपने विषयों में प्रथम स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से न केवल महाविद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।
विश्वविद्यालय द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में दोनों छात्राओं ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर यह सिद्ध कर दिया है, कि दृढ़ संकल्प, अनुशासित अध्ययन और निरंतर परिश्रम के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य सहित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने दोनों छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण अंचल के विद्यार्थी भी अपनी प्रतिभा, लगन और कठिन परिश्रम के दम पर उत्कृष्ट सफलता अर्जित कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। दोनों छात्राओं की इस ऐतिहासिक सफलता पर अभिभावकों, क्षेत्र के बुद्धिजीवियों, सामाजिक संगठनों तथा शिक्षा प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी नई उपलब्धियां हासिल कर महाविद्यालय, जनपद और प्रदेश का नाम भी रोशन करेंगी।


