![]()

जांच करती टीम
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत रुद्रपुर भलुही स्थित विश्वशांति निकेतन डिग्री कॉलेज की छत पर एक युवक की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना के बाद कॉलेज परिसर में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान अजय यादव (23) पुत्र केशव यादव निवासी कुसमा बिरौली रगड़गंज, थाना रामकोला, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। वह पिछले छह माह से कॉलेज में कार्यरत थे। कॉलेज परिसर में कौशल विकास योजना के तहत छात्राओं को नर्सिंग का प्रशिक्षण दिया जाता है। जबकि पुलिस के मुताबिक शुक्रवार भोर करीब तीन बजे कॉलेज की छत पर गोली चलने की सूचना मिली। उसी छत पर कुछ दूरी पर दाई समेत सात छात्राएं सो रही थीं। दाई ने पुलिस को बताया कि रात करीब 10 बजे उसने अजय यादव को भोजन के लिए बुलाया था, लेकिन उसने खाना नहीं खाया। देर रात गोली जैसी आवाज सुनाई दी, हालांकि अंधेरे और घबराहट के कारण कोई कुछ समझ नहीं सका। सभी नीचे चले गए। शुक्रवार सुबह छत पर अजय यादव का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। उसके सिर में गोली लगी थी तथा पैर के पास एक अवैध देशी तमंचा बरामद हुआ।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम, श्यामदेउरवा थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सूचना मिलने पर मृतक के ममेरे भाई माखन यादव समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने अजय की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और दोषियों की गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष जांच की मांग की। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि युवक के पास अवैध देशी तमंचा कैसे पहुंचा, इसकी भी जांच की जा रही है।
श्यामदेउरवा थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।


