![]()

रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दीकी
झुलनीपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रायपुर में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व उपनिरीक्षक वंदना कुमारी ने किया।
सम्मेलन के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा से जुड़े विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—112, 1090, 102, 108 एवं 181—की जानकारी दी और आवश्यकता पड़ने पर इनका निडर होकर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ सहित महिला कल्याण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम में बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूकता फैलाते हुए महिलाओं से इन बुराइयों के विरुद्ध खुलकर आवाज उठाने का आह्वान किया गया। मिशन शक्ति टीम ने गांव में घर-घर पहुंचकर महिलाओं और किशोरियों को हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान महिलाओं ने कहा कि हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी मिलने से अब पीड़ित महिलाएं और लड़कियां बिना किसी डर या संकोच के अपनी समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकेंगी। उन्होंने पुलिस की इस पहल को सकारात्मक, भरोसा बढ़ाने वाली और महिलाओं के आत्मविश्वास को मजबूत करने वाला कदम बताया। महिलाओं एवं बालिकाओं ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से अधिक से अधिक लोग अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति सचेत होंगे। समय रहते शिकायत दर्ज होने से समस्याओं का शीघ्र समाधान संभव होगा और भविष्य में होने वाले गंभीर अपराधों पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। इस अवसर पर उपनिरीक्षक वंदना कुमारी के साथ मैना यादव, अंजलि रावत, छोटी कुमारी और अंजू सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।


