Advertisement

मंदिर में युवक और पुजारी के बीच विवाद, पूछताछ के लिए दोनों पक्ष थाने पहुंचे

Loading

विवाद की सूचना पर लोगों की जुटी भीड़

Maharajganj kabhar live
घुघली। थाना क्षेत्र के गोपाला गांव स्थित कारण माता मंदिर में रविवार को एक युवक और मंदिर के पुजारी के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की बात कह रही है।
जानकारी के मुताबिक कुशीनगर जिले के खड्डा क्षेत्र की एक युवती घरेलू समस्याओं के समाधान के लिए रविवार सुबह कारण माता मंदिर पहुंची थी। वह पुजारी के आने का इंतजार कर रही थी। कुछ देर बाद मंदिर के पुजारी पप्पू पहुंचे तो वहां पहले से श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई थी। पुजारी एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनकर पूजा-पाठ के उपाय बता रहे थे।
इसी दौरान युवती ने पहले अपनी समस्या सुनने का आग्रह किया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि पुजारी ने उसकी बात सुनने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने अपने पति को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर कुछ देर बाद युवती का पति मंदिर पहुंचा और पुजारी से बहस करने लगा। ग्रामीणों के अनुसार, विवाद के दौरान युवक ने अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। सूचना पर पहुंची घुघली पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी। थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
error: Content is protected !!