![]()

Maharajganj kabhar live
निचलौल। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार देर शाम निचलौल शहर में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में शहर के मुख्य मार्गों, बाजारों में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने नगर के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा लोगों को सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया।
फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरा। पुलिस बल की मौजूदगी से आम नागरिकों और व्यापारियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई। अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि मोहर्रम पर्व सभी के सहयोग और सहभागिता से शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाए। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इतना ही नहीं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर भी रखी जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इन्होंने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर कर थाना प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह के अलावा अन्य पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे।


