![]()

Maharajganj kabhar live
निचलौल। आगामी मोहर्रम पर्व को लेकर नगर पंचायत निचलौल प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया के निर्देश पर सोमवार को दामोदरी पोखरा स्थित कर्बला परिसर तथा उससे जुड़े प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत कर्बला परिसर में उगी झाड़ियों को हटाया गया और सड़क किनारे फैली गंदगी की सफाई कर क्षेत्र को व्यवस्थित बनाया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया ने कहा कि मोहर्रम पर्व नगर क्षेत्र का महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ताजियादार शामिल होते हैं। दामोदरी पोखरा स्थित कर्बला पर हर वर्ष मोहर्रम के अवसर पर ताजिया का भव्य मेला लगता है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने संबंधित कर्मचारियों और सफाई कर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि निरीक्षण के दौरान किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सफाई अभियान के दौरान नगर पंचायत की टीम ने कर्बला परिसर के आसपास जलभराव और अवरोध पैदा करने वाले तत्वों को भी हटाया। अधिकारियों ने बताया कि मोहर्रम तक नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जाएगा, ताकि मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

