Advertisement

निचलौल में जर्जर केबल बना खतरा: रात में दो बार धू-धू कर जला बिजली तार, बड़ा हादसा टला

Loading

शॉर्ट सर्किट से धू धू कर जलता केबल

Maharajganj kabhar live 
निचलौल। नगर पंचायत के लोहियानगर मोहल्ले में जिगनहवा रोड पर बिजली आपूर्ति करने वाला जर्जर केबल गुरुवार रात दो बार जल गया। स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पूरी रात मोहल्ले के लोग भय और परेशानी के साए में रहे। लगातार शिकायतों के बावजूद जर्जर केबल नहीं बदले जाने से उपभोक्ताओं में नाराजगी है।
मोहल्ले के मनोज मद्धेशिया, संजय कसौधन, दिव्यांशु चौरसिया, संजय कश्यप, रामकुमार ओझा, भोला वर्मा और विवेक कुमार गुप्त समेत अन्य लोगों ने बताया कि एक ही ट्रांसफार्मर से कोर्ट वार्ड, जिगनहवा वार्ड और लोहियानगर वार्ड में बिजली आपूर्ति की जा रही है। पिछले छह महीनों में बड़ी संख्या में नए बिजली कनेक्शन दिए जाने से केबलों पर लोड लगातार बढ़ रहा है। इसके बावजूद विभाग द्वारा पुराने और जर्जर केबलों को बदलने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मेन तिराहा से लेकर मोहल्ले के कई स्थानों तक आए दिन फॉल्ट होना और केबल जलना आम बात बन गई है। गुरुवार रात जिगनहवा रोड स्थित एक खंभे पर लगा केबल अचानक धू-धू कर जलने लगा। स्थिति को गंभीर होते देख मोहल्ले के लोगों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर पहुंचे लाइनमैन ने जले हुए हिस्से को काटकर नया केबल जोड़ा, लेकिन कुछ ही देर बाद वह केबल भी जल गया। इससे पूरी रात बिजली व्यवस्था बाधित रही और लोग जागकर स्थिति पर नजर बनाए रहे।
घटना के बाद उपभोक्ताओं ने क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए अलग ट्रांसफार्मर स्थापित करने तथा जर्जर केबलों को तत्काल बदलने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
इस संबंध में जेई टाउन नन्हकू प्रसाद ने बताया कि नया केबल लगवाने के लिए उच्चाधिकारियों से वार्ता करनी होगी। फिलहाल विद्युत आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए कर्मचारियों को फील्ड में भेजा गया है और आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जा रहा है।
error: Content is protected !!