![]()

प्रतीकात्मक तस्वीर
रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दीकी
झुलनीपुर। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल वन क्षेत्र अंतर्गत गेडहवा गांव के एक युवक पर गुरुवार शाम गंडक नदी में मछली पकड़ने के दौरान मगरमच्छ ने हमला कर दिया। युवक की सूझबूझ और मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से उसकी जान बच गई। घायल युवक का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक गेडहवा निवासी अख्तर अली (35) पुत्र नसरुल्लाह गुरुवार शाम करीब पांच बजे नारायणी गंडक नदी के तेलफाल-कटहवा पुल के पास मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान नदी किनारे झाड़ियों में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उन पर हमला कर पैर पकड़ लिया। युवक के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उसे मगरमच्छ के चंगुल से छुड़ाकर सुरक्षित बाहर निकाला।
हमले में युवक के पैर पर मगरमच्छ के दांतों के गहरे निशान आए हैं। परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल ले गए। जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत अब खतरे से बाहर है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने बताया कि मामले की सूचना मिली है। बरसात के चलते वन्यजीव चारो तरफ फैल गए हैं। ऐसे में लोग नदी, नहर और तालाबों के बीच जाने से बचे। इतना ही नहीं उन्हें वन्यजीव से सुरक्षित रहने के लिए शिविर के माध्यम से जागरूक भी किया जा रहा है।


