![]()

खिलाड़ियों से हाथ मिलाते अतिथि
Maharajganj kabhar live
झुलनीपुर। 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) महाराजगंज के वाहिनी मुख्यालय परिसर में शुक्रवार को क्षेत्रक स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का भव्य उद्घाटन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन सीमांत मुख्यालय एसएसबी लखनऊ के अधीन विभिन्न वाहिनियों के बीच खेल भावना, आपसी समन्वय, शारीरिक दक्षता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया है।
मुख्य अतिथि भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी एवं उप महानिरीक्षक, क्षेत्रक मुख्यालय एसएसबी गोरखपुर दीपक बरनवाल के वाहिनी मुख्यालय पहुंचने पर उन्हें सलामी देकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया तथा सभी टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में 3वीं, 9वीं, 22वीं, 42वीं, 43वीं, 50वीं, 59वीं, 62वीं, 66वीं एवं 70वीं वाहिनी की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उप महानिरीक्षक दीपक बरनवाल ने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और मानसिक दृढ़ता विकसित करने का सशक्त मंच भी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में 22वीं वाहिनी महाराजगंज के द्वितीय कमान अधिकारी (कार्यवाहक कमांडेंट) नरेश कुमार जांगिड़, उप कमांडेंट आशीष कुमार, बृजेश कुमार, शशांक राय एवं स्वराज कमल सहित अन्य अधिकारी और बलकर्मी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उद्घाटन समारोह के बाद प्रतियोगिता का पहला लीग मुकाबला 9वीं वाहिनी और 3वीं वाहिनी के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में बेहतर टीम समन्वय और शानदार प्रदर्शन के दम पर 3वीं वाहिनी ने जीत हासिल कर प्रतियोगिता में विजयी आगाज किया। वहीं दूसरा मुकाबला 59वीं वाहिनी और 50वीं वाहिनी के बीच खेला जाएगा।
22वीं वाहिनी एसएसबी महाराजगंज द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता विभिन्न वाहिनियों के बीच आपसी सहयोग, भाईचारे और खेल संस्कृति को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों, अधिकारियों और बल कर्मियों में उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।


