![]()

बांध का निरीक्षण करती टीम
Maharajganj kabhar live
निचलौल। बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी है। शासन के निर्देश पर मंगलवार को गठित टीम नारायणी नदी के बी-गैप बांध पर पहुंच स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ पूर्व चल रहे कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (परिकल्प) उपेंद्रनाथ कुंवर तथा अधीक्षण अभियंता बांध सुरक्षा मंडल लखनऊ धर्मेंद्र कुमार सिंह ने सिंचाई खंड द्वितीय महराजगंज के अंतर्गत नेपाल के नवलपरासी जिले की सुस्ता गांव पालिका क्षेत्र से होकर बहने वाली नारायणी (गंडक) नदी के किनारे स्थित बी-गैप बांध, ठोकर संख्या-5 एवं ठोकर संख्या-6 पर चल रहे सुरक्षा एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसियों को कड़ी चेतावनी दी कि बाढ़ का मौसम नजदीक है। इसलिए सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य अभियंता ने निर्देश दिया कि बांधों और ठोकरों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए। क्योंकि आगामी मानसून एवं संभावित बाढ़ के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो और नदी तटीय क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित रखा जा सके। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता राजीव कपिल, सहायक अभियंता रणजीत सिंह, मनु कुमार चौधरी तथा अवर अभियंता सुग्रीव मल, रविंद्र यादव, संतराम और शशांक पांडेय अपने-अपने कार्यक्षेत्र में मौजूद रहे।


