![]()

रेगुलेटर में फंदे से लटका शव
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम बरवा दिगम्बर में बुधवार सुबह एक युवक का शव नहर के रेगुलेटर से फंदे के सहारे लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक बरवा दिगम्बर निवासी अनिल साहनी (30) पुत्र ढोढई का शव बुधवार सुबह गांव के समीप स्थित नहर के रेगुलेटर पर कपड़े के फंदे से लटका हुआ मिला। सुबह करीब छह बजे टहलने निकले ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी। जिसके बाद उन्होंने तत्काल कोठीभार पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। अनिल साहनी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक अपने पीछे पत्नी बबिता (28) तथा दो पुत्र आदित्य (9) और देव (7) को छोड़ गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। फॉरेंसिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फॉरेंसिक टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इस संबंध में कोठीभार थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।


