![]()

जांच करते अधिकारी
Maharajganj kabhar live
निचलौल। मंगलवार को मनरेगा एवं वीवी जीरामजी योजना के कार्यों की गुणवत्ता और प्रभावी क्रियान्वयन का जायजा लेने पहुंचे टीएसी चीफ एसपी सिंह ने निचलौल ब्लॉक सभागार में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने निचलौल एवं मिठौरा विकास खंड के ग्राम पंचायत सचिवों तथा तकनीकी सहायकों को योजनाओं के बेहतर संचालन एवं पारदर्शी क्रियान्वयन के संबंध में प्रशिक्षण देकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के उपरांत टीएसी चीफ ने ग्राम पंचायत ओडवलिया पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गांव में निर्मित मनरेगा पार्क का जायजा लेते हुए उसे और अधिक आकर्षक एवं उपयोगी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही पार्क में औषधीय एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े पौधों के रोपण पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अन्नपूर्णा भवन की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भवन पर मानक के अनुरूप रैंप एवं रेलिंग स्थापित कराने के निर्देश दिए, ताकि सभी वर्गों के लोग भवन का सुगमता से उपयोग कर सकें।
इसके अलावा टीएसी चीफ ने गांव में निर्मित आरसीसी सड़क का निरीक्षण कर उसकी गुणवत्ता, लंबाई एवं निर्माण मानकों की जांच कराई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार, ग्राम पंचायत सचिव मनोज प्रजापति, अब्दुल्ला, रजनीश कुमार, वेंकटेश्वर पटेल, सोनू यादव, बालेश्वर कुमार, आशीष वरुण, पवन मद्धेशिया तथा अवधेश पटेल आदि उपस्थित रहे।


