![]()

सड़क की पैमाइश करते राजस्व कर्मी
Maharajganj kabhar live
निचलौल। तहसील क्षेत्र के ग्राम पोखरभिंडा में रास्ते की भूमि को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद मंगलवार को प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद सुलझा लिया गया है। विवाद के कारण मंडी परिषद् द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही थी। जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
सूचना मिलने पर मंगलवार को नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल मौके पर पहुंचे और राजस्व टीम के साथ विवादित स्थल का निरीक्षण किया। उनके निर्देश पर रास्ते की भूमि की पैमाइश कराई गई। जिसके बाद दोनों पक्षों को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया गया। प्रशासन की पहल से रास्ते से संबंधित विवाद का समाधान हो गया और सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने का रास्ता साफ हो गया।
इस दौरान नायब तहसीलदार ने सड़क निर्माण कार्य में बाधा डालने वाले लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी विकास कार्यों में अवरोध उत्पन्न करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विवाद के समाधान से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लोगों ने प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते हुए सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की। मौके पर लेखपाल मनीष पटेल, अवधेश सिंह सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


