![]()

बरामद अवैध शराब के साथ गिरफ्तार आरोपी
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। आबकारी विभाग की टीम ने बलूहीधुस और पुरैना के बीच में बड़ी कार्रवाई करते हुए लक्जरी कार के जरिए की जा रही शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान टीम ने हरियाणा से लाई जा रही विभिन्न ब्रांड की अवैध शराब के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सीतामढ़ी जिले के रहने वाले प्रसून शेखर, शिवम कुमार और ललित कुमार सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरियाणा के बल्लभगढ़ जिले से शराब की खेप लेकर आए थे और ठूठीबारी सीमा के रास्ते नेपाल में प्रवेश कर बिहार के सीतामढ़ी तक पहुंचाने की योजना थी। आबकारी निरीक्षक वैभव कुमार यादव ने बताया कि टीम को इस तस्करी की सूचना मुखबिर के माध्यम से मिली थी। जिसके बाद टीम ने उक्त मार्ग का घेराबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध लक्जरी कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे बड़ी चालाकी से छिपाकर रखी गई शराब की बोतलें बरामद हुईं। बरामद शराब में रेड लेबल की 60 बोतल, 100 पाइपर की 46 बोतल, टीचर्स की 23 बोतल, रॉयल स्टैग की 100 बोतल और मैजिक मोमेंट की 24 बोतल शामिल हैं। कुल मिलाकर सैकड़ों बोतल अवैध शराब जब्त की गई है, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी लंबे समय से इस तरह की तस्करी में संलिप्त हो सकते हैं और इनके नेटवर्क की जांच की जा रही है। बरामद कार को भी सील कर दिया गया है और आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आबकारी विभाग ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई से तस्करों के मंसूबों पर पानी फिरा है और भविष्य में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


