![]()

पिटाई के बाद बच्चे का बांधा गया हाथ पैर, वायरल वीडियो से ली गई तस्वीर
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां आम तोड़ने के मामूली विवाद ने हैवानियत की हदें पार कर दीं। चौक थाना क्षेत्र के एक गांव में एक दंपति ने नाबालिग बच्चे को रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटा। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित बच्चा रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान वह गांव के पास स्थित एक बागीचे के पास पहुंचा, जहां आम तोड़ने की बात को लेकर दंपति रामनाथ और उसकी पत्नी सरिता ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि दोनों ने बच्चे के हाथ-पैर बांध दिए और फिर उसे जमकर पीटा। बच्चे की चीख-पुकार के बावजूद दंपति का दिल नहीं पसीजा। घटना का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। पीड़ित बच्चे के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज में अस्वीकार्य हैं और दोषियों को सख्त सजा मिलना चाहिए। इस घटना ने इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि छोटी-छोटी बातों पर हिंसा का सहारा लेना समाज के लिए कितना खतरनाक होता जा रहा है।
चौक थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि मामले में पीड़ित बच्चे की पिता के तहरीर पर आरोपी दंपति रमानाथ और सरिता के खिलाफ संबंधित धाराओं ने मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया है। समाज में ऐसे कृत करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


