![]()

झाड़ी में छिपा तेंदुआ
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। घुघली विकास खंड के भिस्वा उर्फ कोटिया गांव में एक बार फिर तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। धनंजय यादव के मुर्गी फार्म के पास स्थित घने बागीचे में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग को जानकारी दी। इसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर निगरानी में जुट गई।
ग्रामीण धनंजय यादव ने बताया कि पिछले करीब ढाई वर्षों से क्षेत्र में समय-समय पर तेंदुए की गतिविधियां देखी जा रही हैं। वन विभाग कई बार पिंजरा और जाल लगा चुका है, लेकिन अब तक तेंदुआ पकड़ में नहीं आया है। उन्होंने बताया कि चार-पांच दिन पहले तेंदुए ने गांव निवासी हरिहर भारती की बकरी को अपना शिकार बना लिया था। इससे पहले भी वह कई पालतू जानवरों पर हमला कर चुका है, जिससे ग्रामीणों में लगातार भय बना हुआ है।
फॉरेस्टर गौरव तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा और जाल लगाया गया था तथा उसे पकड़ने के प्रयास लगातार जारी हैं।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि शाम और रात के समय अकेले खेतों और बागीचों में न जाएं, बच्चों पर विशेष निगरानी रखें तथा तेंदुआ दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें। फिलहाल विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी कर रही है।


