![]()

Maharajganj khabar live
महराजगंज। पारिवारिक विवादों में उलझे परिवारों के बीच सुलह कराने में चौक पुलिस की पहल रंग लाई। मिशन शक्ति केंद्र पर मध्यस्थता के जरिए निस्तारित मामलों से जुड़े परिजनों को शुक्रवार को थाने पर बुलाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान महिलाओं से बातचीत कर पुलिस की कार्यशैली का फीडबैक भी लिया गया।
मिशन शक्ति फेज 6.0 अभियान के तहत थाना चौक की मिशन शक्ति टीम ने पारिवारिक विवादों के समाधान में अहम भूमिका निभाई। पुलिस के अनुसार, पूर्व में निस्तारित मामलों से जुड़े परिवारों ने वर्तमान में किसी तरह की समस्या नहीं होने की बात कही।
फीडबैक के दौरान महिलाओं ने बताया कि मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संवेदनशीलता के साथ समाधान कराने में सहयोग किया। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सहयोग के लिए आभार जताया। चौक पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का आपसी सहमति से समाधान कराना और महिलाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करना है।


