![]()

गिरफ्तार आरोपी
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के दो कर्मचारियों को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर की एंटी करप्शन (ट्रैप) टीम ने मंगलवार दोपहर करीब 12:45 बजे छापेमारी कर हरिराम प्रसाद, सममति सहायक फील्ड ऑफिसर, तथा जय ओम, सममति डीड राइटर/चपरासी (अवैतनिक), शाखा महराजगंज को गिरफ्तार किया।
बताया गया कि शिकायतकर्ता के पिता के नाम स्वीकृत ऋण (लोन) की दूसरी किस्त जारी कराने के बदले दोनों कर्मचारियों ने 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने पर एंटी करप्शन टीम ने मामले का सत्यापन किया और सुनियोजित ट्रैप के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया।
टीम ने नगर पंचायत चौक स्थित ठेकी चौराहा के पास एक दुकान पर दोनों आरोपियों को रिश्वत की रकम लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके पर आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया। इस संबंध में थाना कोतवाली चौक में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के साथ-साथ अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।
एंटी करप्शन विभाग की इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों और संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


