महराजगंज में बदलेंगे मतदेय स्थल, 27 अक्टूबर तक भेजी जाएगी सूची

देश राज्य

Loading

Maharajganj khabar live
महराजगंज। जिले में मतदेय स्थलों के सम्भाजन एवं युक्तिकरण की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत 16 से 18 अक्टूबर तक मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान मतदेय स्थलों के पुनर्निर्धारण और नए मतदेय स्थल स्थापित करने के लिए प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। इसके बाद 19 अक्टूबर को आलेख्य सूची का प्रकाशन कर उसे राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराया जाएगा। निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार 26 अक्टूबर को प्राप्त शिकायतों और सुझावों का निस्तारण कर मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को तैयार प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को भेजे जाएंगे। निर्वाचन संबंधी इस कार्यवाही को तय समय के भीतर पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।