![]()

Maharajganj khabar live
निचलौल। विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवाभाव और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से शहर स्थित राजेंद्र प्रसाद तारा चंद महाविद्यालय में रोवर्स-रेंजर्स प्रवेश प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। उत्तर प्रदेश भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की जिला संस्था महराजगंज के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय शिविर में विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास के साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य गोविंद शरण सिंह ने ध्वजारोहण कर शिविर का शुभारंभ किया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को स्काउटिंग के सिद्धांतों, संगठन के नियमों और समाजसेवा के महत्व से परिचित कराया जाएगा। साथ ही टीम भावना, सहयोग, आत्मनिर्भरता और विपरीत परिस्थितियों में धैर्य एवं साहस के साथ कार्य करने के गुर सिखाए जाएंगे।
इस दौरान अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और सेवाभाव विकसित करने का सशक्त माध्यम है। यह युवाओं को कठिन परिस्थितियों में धैर्य और साहस के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। स्काउटिंग का मूल उद्देश्य जरूरतमंदों की सेवा करना और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्काउटिंग के सिद्धांतों को जीवन में अपनाकर जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। जबकि शिविर में जिला संगठन आयुक्त (डीओसी) स्काउट शशांक गुप्ता और सहायक लीडर ट्रेनर (एएलटी) स्काउट उमेश गुप्ता ने प्रशिक्षण संबंधी गतिविधियों का संचालन किया। रोवर्स-रेंजर्स को नेतृत्व, टीम भावना, आपसी सहयोग और जनसेवा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को आपात परिस्थितियों में जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए तैयार किया जाएगा। इस अवसर पर महाविद्यालय के उपप्राचार्य उपेंद्र गुप्ता, राजन आर्या, रोवर प्रभारी विनय मिश्र, मनीष कुमार, दुर्गावती निगम और शांति यादव सहित शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


