महराजगंज में पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, लोहे की रॉड से हमला; मेडिकल कॉलेज में युवक की मौत

अपराध ब्रेकिंग न्यूज़

Loading

मृत युवक का फाइल फोटो
Maharajganj khabar live
महराजगंज। श्यामदेउरवा में पुरानी रंजिश को लेकर बृहस्पतिवार को युवकों के दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट के दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसकी देर रात इलाज के दौरान मेडिकल कालेज गोरखपुर में मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई। मृत युवक की पहचान श्यामदेउरवां निवासी संदीप कुमार (18) के रूप में हुई है। इतना ही नही मारपीट के दौरान मृत युवक का छोटा भाई शिवम (14) और दूसरे पक्ष का जयकिशन भी घायल हुए हैं। हालांकि पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि श्यामदेउरवां निवासी जयकिशन बुधवार रात मुहम्मदपुर गांव में गांजा लेने गया था। आरोप है कि उसने अपनी बाइक संदीप कुमार पुत्र हरिलाल के दरवाजे पर खड़ी कर दी। इस पर संदीप की मां ने विरोध जताया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश बढ़ गई।
आरोप है कि बृहस्पतिवार को संदीप अपने छोटे भाई शिवम के साथ श्यामदेउरवां गया था। इसी दौरान जयकिशन ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे घेर लिया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में संदीप और शिवम के अलावा दूसरे पक्ष का जयकिशन भी घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर संदीप और शिवम को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान रात करीब नौ बजे संदीप की मौत हो गई। जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मेडिकल कॉलेज गोरखपुर पहुंचे। पुलिस ने श्यामदेउरवां निवासी जयकिशन पुत्र राजेश, रंजीत और अमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है।