![]()

पुलिस गिरफ्त में साइबर आरोपी
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। टेलीग्राम के जरिए ऑनलाइन पैसा दोगुना करने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक बड़े साइबर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान एक बाल अपचारी समेत कुल छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह के चार अन्य सदस्य अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह पिछले आठ महीनों से सक्रिय था और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम के माध्यम से लोगों को कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देता था। झांसे में आने वाले लोगों से यह आरोपी फर्जी खातों और एटीएम कार्ड के जरिए पैसे ट्रांसफर कराते थे। शुरुआती जांच में करोड़ों रुपये की ठगी की आशंका जताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में रवि प्रताप सिंह निवासी पिपरिया, आकाश पटेल निवासी सिरौली, विजय कुमार मौर्य निवासी वार्ड नंबर पांच निचलौल, आशीष पांडेय निवासी वार्ड नंबर पांच निचलौल और कार्तिकेय पटेल निवासी रौतार शामिल हैं। इनके साथ एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से सात एटीएम कार्ड, फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासबुक, क्रेडिट कार्ड और एक कार बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने कई अहम जानकारियां दी हैं, जिसके आधार पर पुलिस फरार साथियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आम लोगों से अपील की गई है कि वे इस तरह के लालच में न आएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


