![]()

Maharajganj khabar live
निचलौल। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए वृहस्पतिवार को एसडीएम अवनीश त्रिपाठी और क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार सिंह तथा तहसीलदार अमित कुमार सिंह ने नारायणी गंडक नदी की शाखा स्थित तेरह चार पुल के पास विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य जरूरी सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित विभागों को समय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विसर्जन स्थल पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने आगे कहा कि श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए आवागमन के रास्तों को व्यवस्थित रखा जाए, ताकि विसर्जन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न होने पाए। भीड़ प्रबंधन के लिए भी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। इतना ही नही विसर्जन के दौरान नदी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए। उन्होंने विसर्जन स्थल पर नाविकों और गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी संसाधन पहले से तैयार रखने को कहा। जबकि क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार सिंह ने कहा कि विसर्जन स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और कानून व्यवस्था बनी रहे। एसडीएम और सीओ ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाएगी और विसर्जन के दौरान सभी जरूरी इंतजामों की निगरानी की जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो।


