![]()

मृतक युवक का फाइल फोटो
रिपोर्ट, साकिर अली
मिठौरा। कुशीनगर जिले के हनुमानगंज थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पहले टैंकर की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से उसका इलाज चल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे में घायल उसकी पत्नी का उपचार अभी जारी है।
सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम नारायनपुर निवासी प्रेम सागर गौड़ (43) 13 जुलाई को अपनी पत्नी मुन्नी देवी (40) के साथ मदनपुर स्थान पर दर्शन करने गए थे। दर्शन कर बाइक से घर लौटते समय हनुमानगंज थाने के पास सामने से आ रहे टैंकर की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इलाज के दौरान सोमवार को प्रेम सागर गौड़ ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर सिंदुरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, उनकी पत्नी मुन्नी देवी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
मृतक अपने पीछे पत्नी के अलावा तीन पुत्र सन्नी गौड़, किशन गौड़ और सचिन गौड़ तथा एक पुत्री रौशनी को छोड़ गए हैं। परिवार के मुखिया की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सिंदुरिया थाना प्रभारी विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि हादसे के बाद हनुमानगंज थाने में टैंकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।


