![]()

Maharajganj khabar live
महराजगंज। रिजर्व पुलिस लाइन में बुधवार को आयोजित साप्ताहिक परेड में पुलिसकर्मियों की अनुशासनबद्धता, शारीरिक दक्षता और टर्नआउट की जांच की गई। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में आयोजित परेड का निरीक्षण क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र सिंह ने किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन बनाए रखने और अपने कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
परेड के दौरान सीओ ने पुलिसकर्मियों की वर्दी, टर्नआउट, अनुशासन और शारीरिक दक्षता का जायजा लिया। जवानों से ड्रिल का अभ्यास कराया गया। साथ ही परेड के दौरान मिली कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की छवि उसके अनुशासन और कार्यशैली से बनती है। ऐसे में सभी पुलिसकर्मी साफ-सुथरी वर्दी पहनें और अनुशासन का पालन करते हुए विभाग की गरिमा बनाए रखें। परेड के बाद क्षेत्राधिकारी ने पुलिस लाइन परिसर की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मेस, बैरक, सीपीसी कैंटीन, क्वार्टर गार्ड, शस्त्रागार, आरओ प्लांट, जिम हॉल और बैडमिंटन हॉल की व्यवस्थाएं देखीं। इसके अलावा परिवहन शाखा, डायल-112, गणना कार्यालय और जीडी कार्यालय का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान परिसर और बैरकों में साफ-सफाई व रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया गया। सीओ ने संबंधित प्रभारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि सभी अपने दायित्वों का निर्वहन सतर्कता, जिम्मेदारी और कार्यकुशलता के साथ करें, ताकि आपात स्थिति में आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


