Advertisement

सेमरहना में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ आयोजित, मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं को किया जागरूक

Loading

Maharajganj kabhar live 
निचलौल। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के तहत रविवार को निचलौल थाना पुलिस ने ग्राम सेमरहना में एक दिवसीय ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ आयोजित किया। सम्मेलन में गांव की 30 से अधिक महिलाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व महिला उपनिरीक्षक नंदिनी यादव ने किया। उनके साथ महिला कांस्टेबल सपना, काजल और अंजू भी मौजूद रहीं। पुलिस टीम ने महिलाओं और युवतियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें कानून और उनके अधिकारों की जानकारी दी। सम्मेलन के दौरान महिलाओं को छेड़खानी, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या, बलात्कार समेत महिला संबंधी अपराधों से बचाव और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ सहित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं एवं महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
पुलिस टीम ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की घटना या समस्या होने पर बिना किसी झिझक के तत्काल पुलिस और हेल्पलाइन सेवाओं का सहारा लें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
सम्मेलन में मौजूद महिलाओं ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव में आकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। उनका कहना था कि अब महिलाएं सामाजिक संकोच या भय के कारण शिकायत दर्ज कराने से पीछे नहीं हटेंगी और छोटी समस्याओं की समय रहते सूचना देकर बड़े अपराधों को भी रोका जा सकेगा।
ग्रामीणों ने निचलौल पुलिस की इस पहल को महिला सुरक्षा और जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय कदम बताते हुए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग की।
error: Content is protected !!