![]()

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। जिले में भारत-नेपाल सीमा स्थित सोनौली बॉर्डर पर एसएसबी ने एक विदेशी नागरिक को नेपाल में अवैध तरीके से प्रवेश की कोशिश करते हुए हिरासत में लिया है। पूछताछ में उसने खुद को अमेरिका के कैलिफोर्निया का नागरिक जॉर्डन ब्राउन बताया। उसके पास कोई वैध यात्रा दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने आव्रजन और विदेशी अधिनियम, 2025 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं। इसी क्रम में सोनौली बॉर्डर पर एसएसबी की टीम ने नेपाल में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक विदेशी नागरिक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम जॉर्डन ब्राउन बताया और खुद को अमेरिका के कैलिफोर्निया का निवासी बताया है।
पूछताछ के दौरान उसने दावा किया कि वह टूरिस्ट वीजा पर थाईलैंड गया था। जहां उसका पासपोर्ट गुम हो गया। इसके बाद वह कथित तौर पर जलमार्ग से श्रीलंका पहुंचा और फिर 2 नवंबर 2025 को समुद्री रास्ते से भारत आया। उसने यह भी बताया कि तब से वह गोवा में रह रहा था। अब नेपाल जाने की कोशिश कर रहा था।
हालांकि, एसएसबी और अन्य एजेंसियों की जांच में उसके पास से कोई भी वैध पासपोर्ट, वीजा या अन्य यात्रा संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुए। उसके द्वारा बताए गए पूरे घटनाक्रम और दावों की गहन जांच की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि विदेशी नागरिक की पहचान, उसकी यात्रा के दावों और भारत में प्रवेश के पूरे घटनाक्रम का विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से सत्यापन कराया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


