![]()

बेटे के साथ पौधरोपण करते राजकुमार
Maharajganj kabhar live
निचलौल। क्षेत्र के खोन्हौली गांव निवासी समाजसेवी राजकुमार गुप्ता ने बेटे अनुराग का जन्मदिन अनूठे अंदाज में मनाया। उन्होंने गांव स्थित काली मंदिर परिसर सहित कई सार्वजनिक जगहों पर आम, नीम और सहजन के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पौधरोपण के दौरान राजकुमार गुप्ता ने कहा कि जन्मदिन पर फिजूलखर्ची करने के बजाय समाजहित से जुड़े कार्य कर बच्चों की खुशियां मनानी चाहिए। बच्चों के हाथों लगाए गए पौधे भविष्य में पेड़ बनकर न केवल शीतल छाया देंगे, बल्कि पर्यावरण को भी स्वच्छ बनाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि बढ़ती गर्मी का प्रमुख कारण जंगलों का लगातार खत्म होना और सड़कों के चौड़ीकरण के लिए बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई है। यदि काटे गए पेड़ों की भरपाई के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं और उनकी देखभाल की जाए तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा। पेड़-पौधे हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, इसलिए इनका संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना महामारी ने भी यह संदेश दिया कि प्रकृति के साथ छेड़छाड़ का दुष्परिणाम मानव जाति को ही भुगतना पड़ता है। इसलिए सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी रक्षा करने का संकल्प लेना चाहिए। राजकुमार गुप्ता ने बताया कि वह हर वर्ष बेटे के जन्मदिन पर आम, नीम और सहजन के सात पौधे लगाते हैं। अब तक वह सार्वजनिक स्थानों पर करीब 60 पौधे रोपित कर चुके हैं और सभी पौधों की नियमित देखभाल के कारण वे सुरक्षित हैं।


