मां दुर्गा के जयकारों से गूंजा वाहिनी परिसर, विधि-विधान से हुई कलश स्थापना

धर्म ब्रेकिंग न्यूज़

Loading

पूजन अर्चन करते श्रद्धालु
रिपोर्ट, इजहार अली
झुलनीपुर। शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर सशस्त्र सीमा बल, महराजगंज के मार्गदर्शन में वाहिनी परिसर स्थित सर्वधर्म प्रार्थना स्थल पर सोमवार को विधि-विधान से कलश स्थापना कर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का आह्वान कर सुख-समृद्धि, शांति और लोक कल्याण की कामना की गई। धार्मिक अनुष्ठान में अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों और संदीक्षा परिवार की महिलाओं व बच्चों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में उप कमांडेंट बृजेश कुमार राय ने वैदिक रीति-रिवाजों और धार्मिक परंपराओं के अनुसार कलश स्थापना की। इसके बाद मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना कर परिवार और समाज की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना के उपरांत अधिकारियों, जवानों और संदीक्षा परिवार के सदस्यों ने सामूहिक रूप से मां दुर्गा की आरती की। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में बल के कार्मिकों और उनके परिवारों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। नवरात्र के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम ने परिसर में श्रद्धा, आस्था और उल्लास का माहौल बना दिया।
आस्था के साथ एकता और सांस्कृतिक मूल्यों का संदेश
शारदीय नवरात्र शक्ति, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय तथा सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन बल के कार्मिकों और उनके परिवारों के बीच आपसी सौहार्द, एकता और पारस्परिक सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। साथ ही भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश भी देते हैं।