![]()

Maharajganj khabar live
महराजगंज। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के लिए पुलिस ने होटल, सराय और ढाबों की सघन चेकिंग का विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चले अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारियों ने खुद विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर प्रतिष्ठानों की जांच की और पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 37 होटल, छह सराय/धर्मशाला और 54 ढाबा/रेस्टोरेंट की जांच की गई। पुलिस टीमों ने होटलों और सराय में ठहरे लोगों का विवरण, रजिस्टर और अन्य जरूरी अभिलेखों की जांच की। संचालकों को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक आगंतुक की पहचान संबंधी दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन करने के बाद ही ठहरने की अनुमति दी जाए।
जिन होटलों और प्रतिष्ठानों में विदेशी नागरिकों के ठहरने की व्यवस्था है, वहां पुलिस ने फॉर्म-सी के रखरखाव और उसमें दर्ज किए गए विवरण की भी जांच की। संचालकों को निर्देशित किया गया कि विदेशी नागरिकों के ठहरने की स्थिति में निर्धारित नियमों के तहत आवश्यक विवरण समय से दर्ज और प्रेषित किया जाए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तत्काल दें सूचना
पुलिस ने होटल, सराय और ढाबा संचालकों व कर्मचारियों को हिदायत दी कि बिना पहचान वाले अथवा संदिग्ध व्यक्ति को ठहराने से पहले उसके पहचान पत्रों का समुचित सत्यापन करें। किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध लगने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए होटल, सराय, ढाबों समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।


