![]()

Maharajganj khabar live
महराजगंज। वन्य प्राणी सप्ताह के तहत गुरुवार को वन विभाग की ओर से निचलौल और शिवपुर रेंज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। निचलौल रेंज के दर्जिनिया ताल और गंडक नदी पर्यटन स्थल पर स्थानीय लोगों को मगरमच्छ, घड़ियाल समेत अन्य वन्यजीवों के संरक्षण और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, शिवपुर रेंज के स्व. जगदीशलाल विद्या मंदिर, सोहगीबरवा में विद्यार्थियों और ग्रामीणों को वन एवं वन्यजीवों के महत्व की जानकारी देते हुए उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
निचलौल रेंज में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम प्रधान भेड़िहारी दुष्यंत सिंह, ग्राम गेडहवा के प्रधान प्रतिनिधि दिनेश समेत स्थानीय ग्रामीण और वनकर्मी मौजूद रहे। वन विभाग की टीम ने लोगों को मगरमच्छ और घड़ियाल सहित वन्यजीवों से सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक सावधानियों और उपायों की जानकारी दी। लोगों से वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करने तथा उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने की अपील की गई।
इसी क्रम में शिवपुर रेंज अंतर्गत स्व. जगदीशलाल विद्या मंदिर सोहगीबरवा में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य नर्वदेश्वर पटेल, शिक्षक ईश्वर यादव समेत आठ शिक्षक, विद्यार्थी और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। डब्ल्यूटीआई के अरशद हुसैन और रवींद्र त्रिपाठी तथा शिवपुर रेंज के वनकर्मियों ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि वन और वन्यजीव पर्यावरण संतुलन के साथ मानव जीवन के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं। जंगली जानवरों के सामने आने की स्थिति में घबराने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखने और वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में वन दरोगा अशोक सिंह, रवींद्र प्रताप, मोबिन अली, हरिराम यादव समेत निचलौल और शिवपुर रेंज के अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।


