![]()

रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दकी
झुलनीपुर। निचलौल थाना क्षेत्र के बढ़या गांव निवासी 12 वर्षीय किशोर की शुक्रवार दोपहर बाद नारायणी नदी की शाखा नहर में डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, बढ़या निवासी सुग्रीव प्रसाद का 12 वर्षीय पुत्र अनुप भारती शुक्रवार को कुछ दोस्तों के साथ नारायणी नदी से लकड़ी निकालने गया था। लकड़ी निकालने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास स्नान कर रहे युवकों ने शोर मचाया। इसके बाद लोगों ने पानी में उतरकर किशोर को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल ले गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातम पसरा हुआ है।
अनुप तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके पिता सुग्रीव प्रसाद परिवार का खर्च चलाने के लिए राजगीर मिस्त्री का काम करते हैं। किशोर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
निचलौल थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि मामले की सूचना मिलने के बाद अस्पताल में पुलिस टीम पहुंची थी। परिजनों की ओर से मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई। ऐसे में शव का पंचनामा कर शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।


