![]()

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। निचलौल विकास क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय धमउर में तैनात एक सहायक अध्यापक के अनुसूचित जनजाति (एसटी) प्रमाणपत्र के सत्यापन का मामला आठ माह बाद भी अधर में लटका हुआ है। दो बार पत्राचार और स्मरण पत्र भेजे जाने के बावजूद जिला स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी से जांच रिपोर्ट नहीं मिलने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने तीसरी बार जिलाधिकारी को पत्र भेजकर शीघ्र सत्यापन कराने का अनुरोध किया है।
बीएसए कार्यालय के अनुसार, कंपोजिट विद्यालय धमउर में कार्यरत सहायक अध्यापक शैलेष कुमार गोड़ के एसटी प्रमाणपत्र के कथित रूप से फर्जी होने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर नवंबर 2025 और जनवरी 2026 में जिलाधिकारी को पत्र भेजकर जिला स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी से प्रमाणपत्र का सत्यापन कराने और जांच आख्या उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था।
हालांकि, दोनों पत्रों के बावजूद अब तक स्क्रीनिंग कमेटी की जांच रिपोर्ट बीएसए कार्यालय को प्राप्त नहीं हो सकी है। रिपोर्ट के अभाव में विभागीय कार्रवाई भी आगे नहीं बढ़ पा रही है। ऐसे में बीएसए ने तीसरी बार पत्र भेजकर मामले के शीघ्र निस्तारण और सत्यापन रिपोर्ट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत सिंह ने बताया कि जिला स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी की जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही नियमानुसार अग्रिम विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


