![]()

Maharajganj khabar live
महराजगंज। जिले में पिछले तीन दिनों से तेज आंधी और बारिश के दौरान अलग-अलग हादसों में रविवार को चार लोगों की मौत हो गई। कहीं पेड़ गिरने से जान गई तो कहीं खपरैल मकान भरभराकर गिर गया। हादसों की सूचना के बाद प्रशासनिक और राजस्व टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू कराया। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संबंधित अधिकारियों को घटनास्थलों का निरीक्षण कर जनहानि और संपत्ति के नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।

निचलौल तहसील के ग्राम शीतलापुर निवासी पन्ने कुमार प्रजापति (30) सिंदुरिया के पास कंचनपुर में पेड़ की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौत हो गई। तेज आंधी और बारिश के दौरान पेड़ गिरने से यह हादसा हुआ। वहीं, फरेंदा तहसील के ग्राम जीगीनीहा में खपरैल मकान गिरने से कुशमी (69) मलबे में दब गईं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। लगातार बारिश के बीच कच्चे और खपरैल मकानों पर भी खतरा बढ़ गया है। सदर तहसील के ग्राम चंदन चाफी में भी पेड़ गिरने से दर्दनाक हादसा हुआ। पेड़ की चपेट में आने से गौरी शंकर (45) और उनकी पत्नी (42) की मौत हो गई। एक ही परिवार में दो लोगों की मौत से गांव में मातम पसर गया।
हादसों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संबंधित अधिकारियों को सभी घटनास्थलों का निरीक्षण कर जनहानि और संपत्ति क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पीड़ित परिवारों को नियमानुसार राज्य आपदा मोचक निधि से अनुमन्य आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराने को कहा है। प्रशासन और राजस्व की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।


