![]()

Maharajganj khabar live
महराजगंज। जिले के परिवार न्यायालय परिसर में शुक्रवार को महिला से मारपीट और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश का सनसनीखेज आरोप लगा है। आरोप महिला के पति समेत तीन लोगों पर है। पीड़िता का दावा है कि कोर्ट में गवाही के बाद बाहर निकलते समय आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए पिता और बहन के साथ भी मारपीट का आरोप है। मामले में पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साथ ही घटना की वीडियो क्लिप भी पुलिस को उपलब्ध कराई गई है।
दरअसल मामला महराजगंज के परिवार न्यायालय परिसर का है। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के समरधीरा चौराहा निवासी प्रिया त्रिपाठी की शादी बृजमनगंज थाना क्षेत्र के कोईलाडाड़ निवासी मनीष कुमार मिश्र से हुई है। प्रिया के मुताबिक, पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ पहले से मुकदमा चल रहा है। वहीं परिवार न्यायालय महराजगंज में भरण-पोषण को लेकर वाद प्रिया बनाम मनीष कुमार मिश्र भी विचाराधीन है। पीड़िता की तहरीर के मुताबिक, 24 सितंबर को इसी मामले में तारीख थी। प्रिया के पिता लक्ष्मीकांत की गवाही होनी थी। दोपहर करीब 2 बजे, गवाही के बाद प्रिया अपनी बहन प्रियंका और पिता के साथ कोर्ट रूम से निकलकर भूतल के हॉल में पहुंचीं। आरोप है कि तभी पीछे से मनीष मिश्र, प्रिंस मिश्रा और सतीश मिश्र वहां पहुंचे और प्रिया के साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रिया ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। जब पिता और बहन ने बीच-बचाव किया तो उनके साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
पीड़िता के मुताबिक, उन्हें नीचे गिराकर गला दबाने की कोशिश भी की गई। शोर सुनकर कचहरी परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद तीनों की जान बच सकी।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी जाते समय मुकदमे की पैरवी करने पर जान से मारने की धमकी भी दे गए। पूरी घटना को लेकर प्रिया ने कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर दी है और तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। खास बात ये है कि पीड़िता ने घटना से जुड़ी वीडियो क्लिप भी पुलिस को उपलब्ध कराई है।


