![]()

निचलौल सीएचसी में भर्ती घायल
Maharajganj kabhar live
निचलौल। चौक थाना क्षेत्र घोड़हवा चौक मार्ग स्थित पड़री गांव के पास वृहस्पतिवार रात में शादी से बारातियों को लेकर लौट रही एक पिकअप गड्ढे में पलट गई। इस दौरान पिकअप सवार करीब 12 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों की मदद से सभी घायलों को आनन फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर तीन घायलों की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के दौरान करीब आधे घंटे तक लोगों में चीख पुकार मची रही।
जानकारी के मुताबिक चौक थाना क्षेत्र पड़री खुर्द निवासी एक युवक का बारात निचलौल थाना क्षेत्र के बैदौली स्थित बुद्धविहार आया हुआ था। जहां पर शादी की पूरी प्रक्रिया संपन्न होने के बाद एक पिकअप बारातियों को लेकर घर के लिए निकल पड़ी थी। पिकअप अभी गांव पड़री के पास पहुंची थी। इसी बीच पिकअप तेज रफ्तार में अचानक अनियंत्रित हो गई। पिकअप अनियंत्रित होने के बाद पिकअप सवार बारातियों में चीख पुकार मच गई। कुछ ही देर बाद बेकाबू पिकअप सड़क किनारे गड्ढे में जा पलटी। इस हादसे में घायल पिकअप सवार आर्यन (12) प्रीति (10) सम्राट (8) अनूप (12) अंकुश (8) अनुप्रिया (12) आंशिक (12) शिवकुमार (8) निवासी पड़री खुर्द को आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया। जबकि अन्य चार मामूली रूप से घायलों को निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती तीन घायलों की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़ मौके से भाग निकला।
चौक थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश गुप्ता के अनुसार हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस टीम पहुंची थी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।
हादसे के बाद पलक झपकते पहुंच गए लोग
घायलों के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल आए प्रत्यक्षदर्शी संतोष और विवेक के अनुसार गनीमत रहा कि हादसा आबादी के पास होने के चलते वह लोग पलक झपकते ही मौके पर जा पहुंचे। ऐसे में चंद मिनटों में पिकअप सवार बच्चों को तत्काल बाहर निकाल एम्बुलेंस की मदद से सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक घटनास्थल पर चीख पुकार मची रही।


