![]()

गिरफ्तार आरोपी
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र में युवती से मोबाइल लूटकर फरार होने के मामले का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त केटीएम मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में शामिल एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि चार जुलाई को तीन युवक केटीएम मोटरसाइकिल से आए और एक युवती का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए थे। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना श्यामदेउरवा में मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अमन कुमार पुत्र फुलबदन निवासी ग्राम बनकटिया, थाना श्यामदेउरवा तथा मंदीप कुमार पुत्र राजकुमार निवासी ग्राम बनकटिया, थाना श्यामदेउरवा को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त केटीएम मोटरसाइकिल बरामद की गई। वारदात में शामिल एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।


