![]()

रिपोर्ट, इजहार अली
झुलनीपुर। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल रेंज में सोमवार शाम गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने एक बकरी का शिकार कर लिया। बकरियां चरा रही महिलाओं के शोर मचाने पर तेंदुआ बकरी को छोड़कर गन्ने के खेत में छिप गया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, करमहिया पश्चिम टोला निवासी आशिया पत्नी हदीस सोमवार शाम करीब चार बजे अमड़ी पुल के पास नहर की पटरी के किनारे अपनी बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान पास के गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक एक बकरी पर हमला कर दिया और उसे दबोच लिया।
तेंदुए को देखकर महिलाओं और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। लोगों के शोर से घबराकर तेंदुआ बकरी को छोड़कर वापस गन्ने के खेत में जा छिपा। घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए की तलाश में जुट गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ अभी भी गन्ने के खेत में छिपा हो सकता है। इससे आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है।
वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने बताया कि ग्रामीणों से तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिली है। मौके पर वन विभाग की टीम भेजी गई है। ग्रामीणों को जागरूक करते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


