![]()

Maharajganj khabar live
महराजगंज। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर ने निर्वाचन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए प्रभारी और सहायक प्रभारी अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मतदान और मतगणना कार्मिकों की नियुक्ति, प्रशिक्षण एवं ड्यूटी व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है। इसके साथ ही जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति, यातायात व्यवस्था तथा निर्वाचन संबंधी अन्य कार्यों के लिए भी अधिकारियों को दायित्व निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन ने मतदान एवं मतगणना कार्मिकों के प्रशिक्षण की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। निर्वाचन कार्य में इस्तेमाल होने वाले आवश्यक वाहनों की उपलब्धता, ईंधन की व्यवस्था, लेखन सामग्री, ड्यूटी पत्रों के मुद्रण समेत अन्य जरूरी तैयारियों को भी समयबद्ध ढंग से पूरा करने को कहा गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जा सके।


