![]()

रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दकी
झुलनीपुर। भारत-नेपाल सीमा पर कपड़ा तस्करी की कोशिश को शीतलापुर रेगहिया पुलिस चौकी की टीम ने नाकाम कर दिया। गुरुवार को चेकिंग के दौरान पुलिस ने सीमा से लगे धमऊर गांव में दो बोरियों से 31 अदद सूट का कपड़ा और 39 अदद साड़ियां बरामद कीं। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही तस्कर बोरियां छोड़कर नेपाल की ओर भाग निकले।
शीतलापुर चौकी प्रभारी सूरज तिवारी ने बताया कि पिलर संख्या 501 के पास सीमा से सटे धमऊर गांव में कपड़ा नेपाल भेजे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर टीम ने कार्रवाई करते हुए दो बोरियों को कब्जे में लेकर तलाशी ली। बोरियों से 31 अदद सूट का कपड़ा और 39 अदद साड़ियां बरामद हुईं।
पुलिस टीम को देखते ही तस्कर मौके से बोरियां छोड़कर नेपाल की तरफ भागने में सफल रहे। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही कपड़ा तस्करों में खलबली मच गई। पुलिस बरामद कपड़े के संबंध में जांच-पड़ताल कर रही है। बरामद कपड़े को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम निचलौल को सुपुर्द कर दिया गया है।


