सिसवा नगर पालिका का फाइल फोटो

Loading

सिसवा नगर पालिका का फाइल फोटो
Maharajganj khabar live 
महराजगंज। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत सिसवा नगर पालिका के विकास को नई रफ्तार मिलने जा रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगर पालिका की ओर से भेजी गई 17 करोड़ रुपये की विकास कार्ययोजना को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति ने मंजूरी दे दी है। 13 अगस्त को हुई बैठक में समिति ने प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई।
नगर को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए शासन से 17 करोड़ रुपये की मांग की थी। स्वीकृति मिलने के बाद अब धनराशि अवमुक्त होने का इंतजार है। धन मिलते ही नगर में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर एक साथ काम शुरू होने की उम्मीद है।
10 करोड़ से बनेगा स्मार्ट रिकॉर्ड रूम
प्रस्तावित योजना में सबसे महत्वपूर्ण कार्य वार्ड नंबर 19 शिवाजी नगर स्थित नगर पालिका कार्यालय परिसर में 10 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट रिकॉर्ड रूम का निर्माण है। आधुनिक तकनीक से तैयार होने वाले इस रिकॉर्ड रूम से नगर पालिका के अभिलेखों को सुरक्षित रखने और रिकॉर्ड प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही नगर पालिका क्षेत्र में आधुनिक कॉम्प्लेक्स के निर्माण तथा वार्ड नंबर पांच गांधी नगर में 20 दुकानों के निर्माण की भी योजना है। इससे स्थानीय स्तर पर व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी कदम आगे बढ़ेगा।
छह प्राथमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास
शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर भी योजना में विशेष जोर दिया गया है। आंबेडकर नगर, लोहिया नगर, सुभाष नगर, गांधी नगर, देवी नगर और इंदिरा नगर के प्राथमिक विद्यालयों को स्मार्ट क्लास में परिवर्तित करने की योजना है। वहीं हिमांचल छपरा और असमन छपरा के उच्च माध्यमिक विद्यालयों के साथ नगर क्षेत्र के माध्यमिक विद्यालयों को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
स्मार्ट क्लास और आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों से विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा का लाभ मिलेगा। इससे ग्रामीण और नगरीय क्षेत्र के बच्चों की पढ़ाई को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सड़क-नाली से लेकर छठ घाट तक विकास
नगर के सुंदरीकरण और नागरिक सुविधाओं को भी कार्ययोजना में प्राथमिकता दी गई है। प्रस्तावित कार्यों में पार्क, छठ घाट, सड़क-नाली और चौराहों के विकास सहित बाजार क्षेत्र को बेहतर बनाने की योजनाएं शामिल हैं। इससे नगर की तस्वीर बदलने के साथ नागरिक सुविधाओं में भी सुधार होने की उम्मीद है।
नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल ने बताया कि जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की मंजूरी मिलने के बाद विकास कार्यों को धरातल पर उतारने का रास्ता साफ हो गया है। धनराशि जल्द अवमुक्त होने पर प्रस्तावित योजनाओं पर तेजी से काम शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट रिकॉर्ड व्यवस्था, शिक्षा, बाजार, सड़क, नाली और नगर सुंदरीकरण के कार्य पूरे होने से सिसवा को आधुनिक नगर के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
error: Content is protected !!