![]()

Maharajganj khabar live
निचलौल। ब्लॉक क्षेत्र के शीतलापुर गांव में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सफाई कर्मी पर मनमानी और नियमित सफाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर गांव में नियमित साफ-सफाई और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि गांव में नियमित साफ-सफाई के लिए सफाई कर्मी की तैनाती की गई है, लेकिन उसके स्तर से जिम्मेदारी का निर्वहन ठीक से नहीं किया जा रहा है। सफाई नहीं होने के कारण नालियां जाम हो गई हैं और गांव की जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। कई स्थानों पर गांव के भीतर ही गंदा पानी जमा है। इन ग्रामीणों के मुताबिक लंबे समय से जलनिकासी बाधित होने के कारण जगह-जगह पानी जमा है। इससे दुर्गंध उठने लगी है। गंदगी और जलजमाव के कारण ग्रामीणों को संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका सता रही है। उनका कहना है कि समय रहते सफाई व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। आक्रोशित ग्रामीणों ने अधिकारियों से लापरवाही बरतने वाले सफाई कर्मी के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ गांव में नियमित सफाई कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस अवसर पर आशीष, विकास कुमार, ओम पांडेय, शिवम, चंद्रशेखर, नंदेश्वर, अंकित कुमार, गोलू, रतन, हरजीत सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।


