![]()

Maharajganj kabhar live
निचलौल। विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिरौली एवं परागपुर में वृहस्पतिवार को विकसित भारत जीरामजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और जनजागरूकता के उद्देश्य से भव्य जन सम्मेलन आयोजित कर योजना का शुभारंभ किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी शिवेंद्र प्रताप सूर्यवंशी ने योजना की उद्देशिका, कार्यप्रणाली और ग्रामीण विकास में इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विकसित भारत जीरामजी योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण आधारभूत संरचना को मजबूत करना, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, आजीविका के नए अवसर सृजित करना तथा जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करना है।
सम्मेलन के दौरान इन्होंने ग्रामीणों को बताया कि योजना के तहत श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 252 से बढ़ाकर 300 किए जाने का प्रावधान है। साथ ही रोजगार के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 दिवस करने, पात्र श्रमिकों को नियमानुसार बेरोजगारी भत्ता उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के साथ स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष बल दिया जाएगा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ग्राम विकास अधिकारी सोनू यादव, ग्राम प्रधान सिरौली रमेश लाल श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान परागपुर बैजनाथ गुप्ता, ग्राम सचिव सोनू यादव, मनोज प्रजापति, अब्दुल्ला, राजीव रामचंद्रन, आशीष वरुण, तकनीकी सहायक वीरेंद्र कुमार, केशव त्रिपाठी, संदेश भारती, राहुल पांडे, रवि कुमार, राजेश सिंह, त्रिपुरेश तिवारी सहित ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


