जनसभा को संबोधित करते अमरमणि त्रिपाठी

Loading

जनसभा को संबोधित करते अमरमणि त्रिपाठी
Maharajganj khabar live
महराजगंज। फरेंदा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक सक्रियता का संकेत दिया। उन्होंने स्पष्ट घोषणा की कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव फरेंदा से लड़ेंगे। उनके ऐलान के बाद कार्यक्रम में मौजूद समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। इसे क्षेत्र में उनके संभावित चुनावी अभियान की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
कस्बे के एक मैरिज हाल में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में अमरमणि त्रिपाठी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश और समाज की तस्वीर बदलने की क्षमता रखते हैं। देश के विकास में युवाओं की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा बेरोजगारी समेत कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में उन्हें अपने अधिकारों, भविष्य और क्षेत्र के विकास के मुद्दों को लेकर जागरूक और एकजुट होना होगा।
पूर्व मंत्री ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं होना चाहिए। जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना ही राजनीति का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने फरेंदा क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी समेत बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की जरूरत पर जोर दिया।
तीन पीढ़ियों से फरेंदा से जुड़ाव का दावा
पूर्व विधायक अमनमणि त्रिपाठी ने कहा कि उनके परिवार का फरेंदा क्षेत्र की जनता से पुराना और भावनात्मक रिश्ता रहा है। उन्होंने कहा कि तीन पीढ़ियों से उनके परिवार के लोग क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहे हैं। पूर्व मंत्री श्यामनारायण तिवारी ने अपना जीवन क्षेत्र की जनता के लिए समर्पित किया। सड़क, बिजली और पानी समेत विभिन्न क्षेत्रों में उनके कार्यों का लाभ लोगों को मिला।
कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अनूप पांडेय, रामअधार दूबे, प्रह्लाद प्रसाद, आशीष पांडेय और रमेश सैनी ने विचार रखे। संचालन विवेक शुक्ला ने किया।
इस दौरान नरेंद्र त्रिपाठी, लक्ष्मन यादव, शेखर यादव, अमन अली, काउस मिश्रा, गोविंद मिश्रा, गुड्डू यादव, सर्वेश राय, मनोज मिश्रा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
error: Content is protected !!