![]()

Maharajganj khabar live
महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के मदनपुरा गांव स्थित गौसदन से रविवार रात ई-रिक्शा पर चारा मशीन, पंपसेट, बोरे समेत अन्य सामान ले जाने को लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने ई-रिक्शा को गांव के बाहर रोक लिया और ग्राम प्रधान पर गौसदन से सामान चोरी कर रात के अंधेरे में घर ले जाने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ग्राम प्रधान, ई-रिक्शा और सामान को थाने ले गई।
ग्रामीणों के मुताबिक रविवार रात गौसदन में रखा चारा मशीन, पंपसेट, बोरा समेत अन्य कीमती सामान एक ई-रिक्शा पर लादकर ग्राम प्रधान अपने घर ले जा रहे थे। रात के समय गौसदन से सामान बाहर ले जाते देख ग्रामीणों को शक हुआ। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और गांव के बाहर ई-रिक्शा को रोक लिया। सामान ले जाने को लेकर ग्रामीणों और ग्राम प्रधान के बीच कहासुनी होने लगी। इसके बाद ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि गौसदन से सामान चोरी कर रात के अंधेरे में घर ले जाया जा रहा था। उनका कहना है कि करीब एक सप्ताह पहले भी गौसदन से सोलर पैनल चोरी होने की घटना सामने आ चुकी है। हंगामे और विवाद की सूचना मिलने पर निचलौल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ई-रिक्शा पर लदा सामान और ग्राम प्रधान को थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गौसदन से रात में सामान ले जाने की घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीण पूरे मामले की जांच कर सामान ले जाने के कारण और पूर्व में हुई सोलर पैनल चोरी का भी खुलासा किए जाने की मांग कर रहे हैं।
इस संबंध निचलौल थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। गौसदन से सामान ले जा रही ई रिक्शा और ग्राम को कब्जे में लेकर पूछताछ की जा रही। पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


