![]()

रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दकी
झुलनीपुर। थाना क्षेत्र के बहुआर खुर्द स्थित तेरे चार नहर में बुधवार शाम पानी पीने गई एक भैंस तेज धारा की चपेट में आकर गहरे पानी में चली गई। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण भैंस फाटक के पास फंस गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पुल पर जुट गए और भैंस को बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया।
मिश्रौलिया गांव निवासी तफज्जुल अंसारी पशुपालन करते हैं। बुधवार शाम वह भैंस को नहर की पटरी पर चराने के बाद पानी पिलाने के लिए नहर के पास ले गए थे। इसी दौरान पानी पीते समय भैंस अचानक गहरे पानी में चली गई। तेज बहाव के कारण वह बहते हुए नहर के फाटक के पास पहुंचकर फंस गई।
भैंस को नहर में फंसा देखकर पशुपालक ने ग्रामीणों की मदद से उसे निकालने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने फाटक उठाकर भैंस को फाटक के पार कराने की कोशिश की। घटना को देखने के लिए पुल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों के काफी प्रयास के बावजूद खबर लिखे जाने तक भैंस को नहर से बाहर नहीं निकाला जा सका था। वह नहर में तैर रही थी। ग्रामीण लगातार उसे सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटे हुए थे। घटना के कारण कुछ देर तक पुल पर लोगों की भीड़ लगी रही।


