![]()

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम खड़खोड़ी निवासी एक 15 वर्षीय मदरसा छात्र के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। घर से मदरसे के लिए निकला किशोर देर रात तक वहां नहीं पहुंचा। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद पुलिस से बेटे की तलाश की गुहार लगाई है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम खड़खोड़ी, पोस्ट सहजनवा बाबू निवासी आसिफ अली का पुत्र फैजान अली (15) जनपद बस्ती के थाना रुधौली क्षेत्र के ग्राम बाँसबोर स्थित एक मदरसे में पिछले करीब एक वर्ष से अध्ययन कर रहा है। छुट्टी के दौरान वह अपने घर आया हुआ था। जबकि परिजनों के मुताबिक 2 जुलाई को दोपहर करीब दो बजे फैजान घर से मदरसे जाने के लिए निकला था। लेकिन देर रात तक वह मदरसे नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने कोल्हुई थाने में सूचना देकर किशोर की बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों ने आमजन से भी अपील की है कि यदि फैजान अली के संबंध में किसी को कोई जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा उसके परिजनों को सूचित करें, ताकि किशोर को सकुशल उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।


