![]()

ग्रामीणों के साथ बैठक करते एसएसबी
रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दीकी
झुलनीपुर। भारत नेपाल बार्डर के पथलहवा एसएसबी बीओपी के एसएसबी टीम ने बुधवार को सोहगीबरवा गांव के ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में एसएसबी टीम ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हुई। उसके बाद उनकी समस्याओं को समाधान कराने के लिए आश्वासन दी। वही इस दौरान बैठक में ग्रामीणों ने गांव की प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए सड़क, अस्पताल और विद्युत व्यवस्था बहाल कराने की मांग की।
बैठक में ग्राम प्रधान शांति देवी, प्रधान प्रतिनिधि रामदास कुशवाहा, प्रहलाद गुप्ता, मनराज गुप्ता, घनश्याम पटेल, अनुज चौहान, अमलेश कुशवाहा, पवन कुशवाहा, नर्सिंग प्रजापति, अमीर मियां, गोविंद गुप्ता समेत करीब 40 ग्रामीणों और एसएसबी के जवानों ने भाग लिया। ग्रामीणों ने बताया कि सोहगीबरवा का मुख्य बाजार और शहर से काफी दूरी पर होने के कारण गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में गांव तक बेहतर सड़क और स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि करीब चार वर्ष पहले गांव में विद्युतीकरण कराया गया था। लेकिन छह माह बाद आई बाढ़ में कई बिजली के पोल बह गए। इसके बाद आज तक न तो पोल लगाए गए और न ही बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। इससे पूरा गांव अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर है। उन्होंने शीघ्र दोबारा विद्युतीकरण कराने की मांग की।
उप कमांडेंट बृजेश कुमार राय ने ग्रामीणों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। उन्होंने सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सतर्कता बनाए रखने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल एसएसबी अथवा स्थानीय पुलिस को दें। उन्होंने नशाखोरी, तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहने, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने, साइबर अपराध एवं साइबर ठगी से बचाव, बच्चों की शिक्षा, मानव तस्करी, बाल श्रम उन्मूलन और बाल अधिकारों के प्रति भी ग्रामीणों को जागरूक किया।


