निरीक्षण के दौरान छात्राओ से जानकारी लेते एसडीएम

Loading

निरीक्षण के दौरान छात्राओ से जानकारी लेते एसडीएम
Reports by Dharmendra kumar Gupta
महराजगंज। निचलौल क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय टिकुलहियां में सोमवार को एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की बारीकी से पड़ताल की और व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए जिम्मेदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने सबसे पहले मिड डे मील की व्यवस्था देखी। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और रसोई घर की स्थिति का जायजा लिया। रसोई घर में स्वच्छता समेत खाद्य सामग्री के रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को भी परखा और जिम्मेदारों को परिसर को हमेशा स्वच्छ रखने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जानकारी ली। जिम्मेदारों से कैमरों की संख्या, उनकी स्थिति और निगरानी व्यवस्था के बारे में जानकारी लेकर जांच-पड़ताल की। उन्होंने आगे कहा कि आवासीय विद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि छात्राओं को बेहतर शैक्षिक माहौल के साथ स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने व्यवस्थाओं में कमी मिलने पर तत्काल सुधार सुनिश्चित करने को कहा। वही एसडीएम के औचक निरीक्षण से विद्यालय में जिम्मेदारों में भी सक्रियता नजर आई।
error: Content is protected !!