![]()

Maharajganj kabhar live
निचलौल। भारत-नेपाल सीमा से सटे बहुआर कला स्थित रॉयल माउंट स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में भव्य ध्वजारोहण के बाद छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने राष्ट्रगान गाया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
समारोह के दौरान नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर प्रभात फेरी निकाली और देशभक्ति के नारे लगाए। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से विद्यालय का माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विद्यार्थियों में तिरंगे के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना भी देखने को मिली।
इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, सामूहिक नृत्य, भाषण और लघु नाटक प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया।
विद्यालय के प्रबंधक नरेंद्र पटेल ने कहा कि देश की आजादी और इसकी एकता-अखंडता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से एकता, अनुशासन और राष्ट्रहित की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य धनवंत सिंह ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर राजेश गुप्ता, दीपक यादव, रागिनी चौहान, स्वेता चौरसिया, राधेश्याम यादव, पप्पू, शशि त्रिपाठी, अन्नु मौर्या, प्रीति कुशवाहा सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

